सोशल मीडिया पर लड़कियों की तस्वीर की वायरल, तीन पर मुकदमा

मोहाली। सोशल मीडिया में लड़कियों की तस्वीर वायरल कर गलत बाते लिखने के आरोप में एक अज्ञात सहित तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

मामले के सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। दो आरोपियों की पहचान करमवीर सिंह उर्फ सन्नी वासी गांव कुंबड़ा और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता लड़की ने बताया कि उसकी सहेली के साथ एक लड़के ने बलात्कार किया था। यह मामला फेज-8 पुलिस थाने में पहले से दर्ज है। कुछ दिन पहले शिकायतकर्ता के भाई के दोस्त ने उसे बताया कि एक फ्रॉड गर्ल नाम का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। इसमें उसके गांव के कई लोग शामिल है।

उस ग्रुप में शिकायतकर्ता और उसकी दोस्त (बलात्कार पीडिता) की तस्वीर यह लिखकर वायरल की जा रही है कि ये लड़कियां फ्रॉड है और हमारे भाई को झूठे केस में फंसा कर पांच करोड़ रुपये मांग रही है। इतना ही नहीं 16 जनवरी को गांव कुंबड़ा में बलात्कार के आरोपी के हक में एक धरना भी लगाया गया था। इसकी एक वीडियो भी वायरल हो रही है, जिसमें एक व्यक्ति शिकायतकर्ता और उसकी सहेली पर रेप केस में लड़को को फंसाने के आरोप लगा रहा है। शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को व्यान दिया है कि उसे बेवजह मामले में फंसा कर बदनाम किया जा रहा है। शिकायत की पुष्टि कर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।