इस साल भारत स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे के उपलक्ष में आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. इसी मौके पर 26 जनवरी 2023 को भारत अपना 74वां गणतंत्र दिवस मनाएगा. इस बार के आयोजन में करीब 65 हजार लोग शामिल होंगे.
दिल्ली पुलिस ने बताया कैसे हैं इंतजाम
नई दिल्ली जिला पुलिस के डीसीपी के मुताबिक, सुरक्षा की दृष्टि से इस बार के आयोजन में पहली बार परेड स्थल के चैक पॉइंट पर पास व टिकट पर मौजूद क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद ही एंट्री मिल सकेगी. परेड स्थल के आसपास दिल्ली पुलिस के करीब 7 हजार जवान तैनात रहेंगे. इसके साथ ही NSG कमांडो, अर्धसैनिक बल के जवान भी सिक्योरिटी लेयर में शामिल रहेंगे. समारोह स्थल व आसपास के इलाके को एंटी ड्रोन सिस्टम से लैस किया जा रहा है. कई लेयर की सिक्योरिटी के बीच परेड देखने पहुंचे लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो इसलिए 24 हेल्पडेस्क बनाए गए हैं.
परेड शुरू होने से पहले नई दिल्ली के तिलक ब्रिज पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद रहेगी. 26 जनवरी को दोपहर 12 बजे तक सेवा प्रभावित रहेगी. इस दौरान 4 ट्रेनें रद्द की जाएंगी. जिनमें नई दिल्ली-गाजियाबाद स्पेशल जेसीओ, पलवल-गाजियाबाद-पलवल स्पेशल जेसीओ, पलवल-नई दिल्ली स्पेशल जेसीओ और गाजियाबाद-नई दिल्ली स्पेशल जेसीओ शामिल हैं. इसके अलावा कुछ ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए जाएंगे. नई दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू को नई दिल्ली से पुरानी दिल्ली, शाहदरा और साहिबाबाद के रास्ते चलाया जाएगा.