Republic Day 2023: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ पर फहरायेंगी तिरंगा, जानिए इस बार गणतंत्र परेड क्यों है खास

आज दिल्ली के कर्तव्य पथ से पूरी दुनिया मेक इन इंडिया की झलक को देखेगी। परेड में आत्म निर्भर भारत की ताकत का आज पूरी दुनिया लोहा मानेगी। इसके साथ ही कर्तव्य पथ पर आज बहुत कुछ पहली बार होगा।

देश भर में आज 74वें गणतंत्र दिवस की धूम है। राजधानी दिल्ली में इंडिया गेट पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सेना और अर्धसैनिक बलों की ओर से कर्तव्य पथ पर परेड निकाली जाएगी वहीं राज्यों की ओर से आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी। 2 साल से देश अपना गणतंत्र दिवस कोरोना के साए में मना रहा था लेकिन इस बार धूमधाम से मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह साढ़े 10 बजे कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहरायेंगी। इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी मुख्य अतिथि हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेशनल वॉर मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।