पंजाब विधानसभा अध्यक्ष ने खिलाड़ी एकमवीर, करणवीर को सम्मानित किया

कुलतार सिंह संधवां ने की बुडो काई डू मार्शल आर्ट खिलाड़ियों की सराहना

चंडीगढ़ नेशनल सिख गेम्स 2022 में स्वर्ण पदक जीतने वाले अंतर्राष्ट्रीय मार्शल आर्ट खिलाड़ी करणवीर सिंह और एकमवीर सिंह की पंजाब विधानसभा अध्यक्ष सरदार कुलतार सिंह संधवां ने सराहना की है। ये खेल हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित हुए थे।

खिलाड़ियों को अपना प्रशंसा पत्र भेजते हुए सरदार कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि हमें खुशी है कि पंजाब के युवा खेलों में आगे बढ़ रहे हैं और प्रदेश का नाम रौशन कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों को मार्शल आर्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

बुडो काई डू मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सरदार शरणजीत सिंह ने भी हाल ही में, एकमवीर सिंह को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया था। उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि फेडरेशन के खिलाड़ियों ने न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी पदक जीते हैं। इस अवसर पर उपस्थित फेडरेशन के सदस्यों में आरपी शर्मा (कोच), अजीत सिंह (उपाध्यक्ष), यश कमल शर्मा (कैशियर), मुकेश कुमार (राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी) और मोनिका कांबोज शामिल थे।